जेनिफर को पाने के लिए शशि कपूर को बेलने पड़े थे पापड़, मौत पर समुद्र के अंदर दहाड़ें मारकर रोए थे

विदेश की सरजमीं पर पैदा हुई एक ऐसी अभिनेत्री जिसका दिल बॉलीवुड के सबसे बड़े रोमांटिक हीरो शशि कपूर से लग गया। दोनों की कहानी आज भी बॉलीवुड की सबसे बेमिसाल लव स्टोरी मानी जाती है। हम बात कर रहे हैं एक्ट्रेस जेनिफर केंडल की। 28 फरवरी 1933 को यूनाइटेड किंगडम के साउथपोर्ट में जन्मीं जेनिफर को पृथ्वी थिएटर का संस्थापक कहा जाता है। जेनिफर को 1981 में आई फिल्म '36 चौरंगी लेन' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए बाफ्टा अवार्ड के लिए नामांकित किया गया था। 4 दिसंबर 2017 को शशि कपूर का निधन हो गया था। आज उनकी पुण्यतिथि के मौके पर हम बताते हैं शशि कपूर और जेनिफर के बीच कैसे बढ़ी दोस्ती और फिर शादी और जुदाई की पूरी कहानी


शशि कपूर कपूर खानदान के एकमात्र ऐसे चिराग रहे जिन्होंने एक विदेशी लड़की से शादी की। ये विदेशी लड़की थीं जेनिफर केंडल जो खुद शशि कपूर के प्यार में दीवानी हो गईं थीं। बात उन दिनों की है जब शशि कपूर कोलकाता के एक थियेटर में अपना एक प्ले देख रहे थे। उस वक्त शशि कपूर अपने पिता के साथ मिलकर उस थियेटर पर चार प्ले कर रहे थे, और वहीं शशि कपूर की मुलाकात जेनिफर केंडल से हुई। शशि कपूर ने देखा कि एक लड़की कई दिनों से लगातार आ रही है और आगे वाली लाइन में बैठकर रोज उनका प्ले देखती है। तब शशि कपूर को पता चला कि जेनिफर केंडल उसी शेक्सपीयाराना इंटरनेशनल के मालिक की बेटी हैं जिसे शशि कपूर के प्ले के चक्कर में लंबा इंतजार करना पड़ रहा था।